वाराणसी। जनगणना 2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) के तहत अब आम नागरिकों को घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार का विवरण दर्ज करने की सुविधा मिल गई है। जिला प्रशासन, वाराणसी ने जनपद के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस डिजिटल सुविधा का लाभ उठाते हुए 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 के बीच अपनी ‘स्व-गणना’ (Self-Enumeration) की प्रक्रिया को अवश्य पूरा करें। प्रशासन का मानना है कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से जनगणना का यह राष्ट्रीय कार्य अधिक सरल, सुगम और प्रभावी बन सकेगा।

कैसे करें स्व-गणना (Self-Enumeration)? आसान स्टेप्स में समझें:
जिला प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, नागरिक नीचे दिए गए 6 आसान चरणों का पालन कर खुद अपनी गणना कर सकते हैं:
- आधिकारिक पोर्टल पर जाएं: सबसे पहले जनगणना की आधिकारिक वेबसाइट https://se.census.gov.in पर जाएं और अपना राज्य उत्तर प्रदेश चुनें।
- लॉगिन और मोबाइल सत्यापन: अपनी पसंदीदा भाषा का चयन करें। इसके बाद मोबाइल नंबर और कैप्चा कोड दर्ज कर OTP के माध्यम से सत्यापन (Verification) पूरा करें।
- निवास स्थान की पुष्टि करें: यदि आपका मोबाइल नंबर प्रथम चरण (HLO) में दिए गए नंबर से मेल खाता है, तो प्रश्नावली सीधे खुल जाएगी। अन्यथा, पोर्टल पर उपलब्ध मानचित्र (Map Interface) के जरिए जनपद वाराणसी, उप-जिला, गांव/नगर और नजदीकी लैंडमार्क का चयन कर अपने पते की पुष्टि करें।
- परिवार की जानकारी भरें: परिवार के सभी सदस्यों से जुड़े प्रश्न संख्या 1 से 6 तक और डैशबोर्ड पर उपलब्ध प्रश्न 7 से 40 तक की सभी जानकारियां सावधानीपूर्वक भरें और सेव (सहेजें) करें।
- समीक्षा के बाद फाइनल सबमिट करें: फॉर्म जमा करने से पहले ‘परिवार की समीक्षा करें’ विकल्प पर क्लिक कर सभी जानकारियों को अच्छे से जांच लें। पूरी तरह संतुष्ट होने पर ‘परिवार का विवरण प्रस्तुत करें’ पर क्लिक करें। (नोट: एक बार फाइनल सबमिट करने के बाद विवरण में कोई संशोधन संभव नहीं होगा।)
- SE ID को सुरक्षित रखें: प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी होने के बाद स्क्रीन पर ‘P’ से शुरू होने वाली 11 अंकों की एक विशिष्ट SE ID प्राप्त होगी। इसे संभाल कर रखें और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी साझा करें।
प्रगणक (Enumerator) के घर आने पर इन बातों का रखें ध्यान:
- जब जनगणना प्रगणक घर-घर सर्वे के लिए आपके आवास पर आएं, तो उन्हें अपनी 11 अंकों की SE ID अनिवार्य रूप से दिखाएं।
- प्रगणक अपने मोबाइल ऐप में इस SE ID का मिलान करेंगे, जिसके सफल होने पर आपकी ऑनलाइन दर्ज की गई जानकारी को सत्यापित और स्वीकार कर लिया जाएगा।
- यदि किसी तकनीकी या अन्य कारण से SE ID का मिलान नहीं हो पाता है, तो प्रगणक द्वारा आपके परिवार की जानकारी पुनः संकलित की जाएगी।
जिला प्रशासन ने समस्त मीडिया संस्थानों एवं नागरिकों से इस अभियान को सफल बनाने का आह्वान करते हुए संदेश दिया है— “सही जानकारी, समय पर भागीदारी — जनगणना में हर परिवार की जिम्मेदारी।”

