
उत्तर प्रदेश कैडर की 2013 बैच की पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल के प्रशासनिक सेवा से इस्तीफे के बाद अब उनके अगले सियासी कदम पर सभी की नजरें टिक गई हैं। राजनीति में उतरने की घोषणा के बाद अब वह अपने भविष्य की रणनीति का खुलासा करने जा रही हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि वह 15 अक्टूबर (गुरुवार) दोपहर 1:00 बजे अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम, फेसबुक और एक्स (ट्विटर) हैंडल के जरिए अपने अगले कदम का ऐलान करेंगी।
किसी राजनीतिक दल में नहीं होंगी शामिल
दिव्या मित्तल ने करीब 13 साल की प्रशासनिक सेवा के बाद अगस्त 2026 में इस्तीफा दिया था, जिसे सितंबर में स्वीकार कर लिया गया। 29 सितंबर को राजनीति में आने की घोषणा के साथ ही उन्होंने यह साफ कर दिया था कि वह किसी भी राजनीतिक दल में शामिल नहीं होंगी। मिर्जापुर पहुंचने पर उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष राजा भैया से मुलाकात की चर्चाओं को भी सिरे से खारिज कर दिया।

मिर्जापुर से चुनाव लड़ने की अटकलें तेज
नवरात्र के पहले दिन मां विंध्यवासिनी की नगरी मिर्जापुर पहुंचीं दिव्या मित्तल यहीं से अपनी भावी रणनीति की घोषणा करेंगी। उनकी इस घोषणा को लेकर सियासी गलियारों में सुगबुगाहट तेज हो गई है। सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि वह मिर्जापुर से ही चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रही हैं और इसी जिले को अपना सियासी केंद्र बनाएंगी।
अब देखना यह होगा कि वह अपनी कोई नई राजनीतिक पार्टी बनाने का ऐलान करती हैं या फिर निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरकर उत्तर प्रदेश के सियासी समीकरणों को नया मोड़ देती हैं।

