वाराणसी: उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। रोहनिया थाना क्षेत्र के कुरहुआ गांव में बीती रात बदमाशों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। यहां एक निजी अस्पताल के निदेशक के भाई पर घर में घुसकर चाकू से जानलेवा हमला किया गया और उनकी गर्दन रेत दी गई। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
चारदीवारी फांदकर अंदर घुसे थे हमलावर
मिली जानकारी के मुताबिक, 40 वर्षीय उमेश शेखर रात में अपनी पत्नी और बच्चों के साथ घर के अंदर सो रहे थे। तभी दो हमलावर उनके घर की चारदीवारी फांदकर अंदर दाखिल हुए। बदमाशों ने पेचकस की मदद से दरवाजे का लॉक खोला और सीधे बेडरूम में पहुंच गए। इसके बाद सोते समय ही उमेश शेखर की गर्दन पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया।
उमेश की पत्नी ने जब लहूलुहान हालत में पति को देखा तो उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। पत्नी के चिल्लाने पर दोनों हमलावर मौके से भाग निकले। भागते समय उनका एक पेचकस पास के खेत में ही गिर गया।

2 साल पहले भी हुआ था हमला, पुरानी रंजिश की आशंका
घायल उमेश शेखर ने बताया कि यह उन पर पहला हमला नहीं है। करीब दो साल पहले भी जब वह घर के पास टहल रहे थे, तब उन पर चाकू से हमला किया गया था। इस ताजा मामले में पीड़ित ने गजाधरपुर निवासी मंगरू प्रसाद यादव और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
जमीन विवाद से जुड़ा हो सकता है मामला
पीड़ित के भाई और निजी अस्पताल के निदेशक डॉ. सीएस वर्मा ने बताया कि उनके अस्पताल के सामने एक कीमती जमीन है। बीते सितंबर महीने में भी कुछ लोगों ने रात के समय उस जमीन की चारदीवारी गिरा दी थी। इस मामले का केस फिलहाल कोर्ट में चल रहा है। आशंका जताई जा रही है कि इसी जमीन के विवाद को लेकर इस खूनी वारदात को अंजाम दिया गया है।
पुलिस कार्रवाई और जांच
घटना की सूचना मिलते ही रोहनिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। एसीपी अवधेश विश्वकर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर एक नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी गई हैं।

