वाराणसी: बंगाल की खाड़ी से उठे खतरनाक चक्रवातीय तूफान का असर अब उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल क्षेत्र में दिखने वाला है। मौसम विभाग ने वाराणसी सहित पूरे पूर्वांचल के लिए विशेष अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा है। विभाग के मुताबिक, 28 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक पूरा इलाका घने बादलों की गिरफ्त में रहेगा और इस दौरान कई दौर की मूसलाधार बारिश होने की प्रबल संभावना है।
29 अक्टूबर के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी
मौसम वैज्ञानिकों ने विशेष रूप से 29 अक्टूबर के लिए वाराणसी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान आसमान में घने बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी-तूफान चलने और आकाशीय बिजली कड़कने की भी चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने इस सप्ताह के बाकी दिनों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है।

तापमान और नमी के आंकड़े
वाराणसी में बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान 33.4°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 18.0°C रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम दर्ज किया गया। हवा में नमी (आर्द्रता) न्यूनतम 68% और अधिकतम 77% तक पहुंच गई है। तापमान और हवा में बढ़ती नमी इस बात का साफ संकेत है कि चक्रवाती बादल तेजी से काशी की तरफ बढ़ रहे हैं।
किसानों की फसलों पर मंडराया बड़ा खतरा
मौसम का यह बदला हुआ रुख पूर्वांचल के किसानों के लिए भारी मुसीबत खड़ी कर सकता है। इस समय खेतों में धान की फसल पूरी तरह पककर तैयार है और दिवाली के तुरंत बाद कटाई शुरू होनी थी। ऐसे में तेज हवाओं के कारण खड़ी फसल गिर सकती है और भारी बारिश होने से खेतों में जमा पानी पके हुए धान में अंकुरण (Sprooting) पैदा कर सकता है। धान के अलावा खेतों में लगी अगेती सर्दियों की फसलों को भी इस असमय बरसात से भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है।

