ग्लैमर, अंडरवर्ल्ड और मर्डर मिस्ट्री: जानिए कौन है श्रद्धा दुबे, जिसके ‘हनीट्रैप और हाई-प्रोफाइल’ शौक ने पहुंचाया सलाखों के पीछे

अपराध उत्तर प्रदेश दिनेश शर्मा पत्रकार

श्रद्धा दुबे की कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट जैसी है। एक मध्यमवर्गीय परिवार में जन्मी श्रद्धा ने बचपन में ही अपनी मां को खो दिया था। सौतेली मां के साथ अनबन के चलते उसने कम उम्र में ही घर छोड़ दिया। शादी होने और एक बच्चा होने के बाद भी उसके मन में सिर्फ ग्लैमर की दुनिया में नाम कमाने और बड़ी हसरतों को पूरा करने की जिद थी। साल 2022 में पति से तलाक लेने के बाद श्रद्धा रायबरेली से पूरी तरह लखनऊ शिफ्ट हो गई।

लखनऊ आने के बाद श्रद्धा की जिंदगी ने 360 डिग्री का टर्न लिया। मॉडलिंग और फैशन डिजाइनिंग के क्षेत्र में उसने तेजी से पैर पसारे। उसके इंस्टाग्राम पर मौज-मस्ती, महंगे विला, लग्जरी गाड़ियों और फाइव-स्टार होटलों के वीडियोज की बाढ़ आ गई। वो दिल्ली और गुरुग्राम के महंगे मॉल्स में शॉपिंग करती और बेहद रसूखदार लोगों के बीच उठती-बैठती थी। लेकिन इस बेहद खर्चीली और लेविश लाइफस्टाइल के पीछे एक काला सच छिपा था।

पुलिस जांच और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अपनी अधूरी और महंगी ख्वाहिशों को पूरा करने के लिए श्रद्धा ने अपराध का रास्ता चुन लिया। वह बड़े-बड़े कारोबारियों और रसूखदार लोगों को अपने जाल में फंसाकर ब्लैकमेल करने लगी।
हद तो तब हो गई जब उसके तार सीधे अंडरवर्ल्ड और मुंबई के कुख्यात जेड (Z) गैंग से जुड़ गए। आरोप है कि वह अबू सालेम के करीबी और ड्रग तस्कर जुल्फिकार यासीन बेहलिम की पार्टनर बन गई, जो जबरन वसूली और ड्रग रैकेट चलाता था। जुल्फिकार के हिस्ट्रीशीटर गुर्गों का इस्तेमाल श्रद्धा लखनऊ में लोगों को डराने-धमकाने के लिए करने लगी।

श्रद्धा दुबे के इस साम्राज्य का अंत तब शुरू हुआ जब लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की हत्या के मामले में उसका नाम मुख्य आरोपी के तौर पर सामने आया। वारदात के बाद श्रद्धा अपनी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश के साथ फरार हो गई थी। करीब 11 दिनों तक चली लुका-छिपी के बाद यूपी एसटीएफ (UP STF) और स्थानीय पुलिस ने एक संयुक्त ऑपरेशन में श्रद्धा को नागपुर से दबोच लिया।

लखनऊ की अदालत ने श्रद्धा दुबे को 10 दिन के लिए जेल भेज दिया है। पुलिस की 6 घंटे की कड़ी पूछताछ में श्रद्धा ने अपने कई गुनाहों को कबूल किया है। कभी आईफोन और डिजाइनर कपड़ों से घिरी रहने वाली श्रद्धा की पहली रात जेल के साधारण रूटीन और बैरक में बीती। सोशल मीडिया पर चमकने वाला यह चेहरा अब यूपी पुलिस के शिकंजे में है और उसकी पूरी लाइफस्टाइल का सच सबके सामने आ चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *