मुंबई: त्योहारी सीजन से ठीक पहले महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने मिलावटखोरों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी राज्यव्यापी कार्रवाई की है। एफडीए की विशेष निरीक्षण मुहिम के दौरान पूरे राज्य से लगभग ₹3.11 करोड़ मूल्य का असुरक्षित खाद्य स्टॉक जब्त किया गया है। इस महा-कार्रवाई में 32,061 लीटर खाद्य तेल और 37,128 किलोग्राम अन्य खाद्य सामग्रियां ज़ब्त की गई हैं। इसके अलावा, मुंबई में स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने पर 4 खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस भी निलंबित कर दिए गए हैं।

भिवंडी में नकली ऑलिव ऑयल का भंडाफोड़: ₹1.27 करोड़ का माल जब्त
कोंकण संभाग के भिवंडी (ठाणे) में एफडीए ने एक बड़े धोखाधड़ी का पर्दाफाश किया है। ‘मैसर्स विराज एंटरप्राइजेस’ पर छापेमारी के दौरान पाया गया कि ‘पोमेस ऑलिव ऑयल’ (Jivo ब्रैंड) के नाम पर बेचा जा रहा तेल वास्तव में जैतून का नहीं, बल्कि पूरी तरह से मूंगफली का तेल था। उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ रोकने के लिए विभाग ने वहां से 11,779 लीटर खाद्य तेल और 2,850 किलोग्राम चाय पत्ती जब्त की, जिसकी कुल कीमत ₹1.27 करोड़ है।
पुणे और संभाजीनगर में भारी मात्रा में डेयरी प्रोडक्ट्स जब्त
- पुणे संभाग: बावधन, कसबा पेठ और बिबवेवाड़ी इलाकों में असुरक्षित तरीके से खुले में रखे गए 9,000 किलोग्राम पनीर और 440 किलोग्राम खोआ को जब्त किया गया। साथ ही सूर्या एंटरप्राइजेस से 9,888 लीटर खाद्य तेल भी पकड़ा गया।
- छत्रपति संभाजीनगर संभाग: धाराशिव, परभणी, वैजापुर और सिलोड़ में व्यापक छापेमारी कर ₹87.52 लाख मूल्य का स्टॉक जब्त किया गया। इसमें परभणी के ‘मोती नमकीन’ से ₹63.14 लाख मूल्य का 22,550 किलोग्राम सेव-फरसाण और धाराशिव से मिलावटी खोआ, पेढ़ा व कलाकंद शामिल है।

मुंबई के कांदिवली और प्रतिबंधित पान मसाला पर एक्शन
मुंबई के कांदिवली (पूर्व और पश्चिम) इलाके में स्थित ‘श्री सद्गुरु फूड्स’ और ‘श्री गणेश फरसाण’ पर कार्रवाई कर हानिकारक रंगों की मिलावट के संदेह में वेफर्स, जलेबी और हलवा जब्त किया गया। इसके अतिरिक्त, जालना और मुंबई में प्रतिबंधित पान मसाला और सुगंधित तंबाकू के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वाहनों समेत ₹93.42 लाख का माल जब्त किया गया है।

नागपुर और अहिल्यानगर में भी कार्रवाई
नागपुर में अस्वच्छ परिस्थितियों में रखा 1,078 लीटर सोयाबीन तेल और चंद्रपुर में 49 किलो संदिग्ध खोआ जब्त किया गया। वहीं नाशिक संभाग के अहिल्यानगर (अहमदनगर) में मिलावट के संदेह में ‘सनराइज ब्रैंड’ का 87 किलो भगर (व्रत के चावल) जब्त किया गया। एफडीए ने इन सभी मामलों में खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

