- हाइलाइट्स:
• हादसे की जगह: वाराणसी के मिर्जामुराद में रूपापुर ओवरब्रिज (NH-19) पर हुआ भीषण हादसा।
• मुख्य आरोपी: जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा का रहने वाला ट्रक ड्राइवर जाबिद अहमद दार गिरफ्तार।
• वजह: हाईवे पर स्कार्पियो खड़ी कर फोटो-वीडियो और रील बना रहे थे युवक।
• नुकसान: 5 युवकों की मौके पर ही मौत, 3 अन्य गंभीर रूप से घायल।
वाराणसी: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में नेशनल हाईवे 19 (NH-19) पर एक भीषण सड़क हादसे में पांच युवकों की जान लेने वाले फरार ट्रक चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर ओवरब्रिज पर सोमवार सुबह हुए इस दर्दनाक हादसे के आरोपी चालक जाबिद अहमद दार को पुलिस ने मंगलवार दोपहर शिवरामपुर चट्टी के पास से दबोचा। आरोपी चालक मूल रूप से जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के हंदवारा का रहने वाला है। पुलिस ने ट्रक के खलासी इम्तियाज को भी हिरासत में लिया है।
सेब लादकर रांची जा रहा था ट्रक
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि ट्रक (नंबर- JK 09 A 7761) कश्मीर से सेब लादकर रांची (झारखंड) की तरफ जा रहा था। चालक जाबिद अहमद दार गंतव्य तक जल्दी पहुँचने की होड़ में ट्रक को बेहद तेज रफ्तार और लापरवाही से चला रहा था, जिसके कारण यह भयानक हादसा हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों को राजातालाब में कार्यपालक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया है।

विंध्याचल दर्शन कर लौट रहे थे सभी दोस्त
हादसे का शिकार हुए सभी युवक वाराणसी के चोलापुर और शिवपुर इलाके के रहने वाले थे। रविवार रात करीब 1 बजे प्रदीप सिंह, विद्ववांशु यादव, आनंद यादव, आलोक मिश्रा और किशन यादव अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ स्कार्पियो (नंबर- UP 65 EB 2199) से मिर्जापुर स्थित मां विंध्यवासिनी के दर्शन करने गए थे।
सोमवार सुबह करीब 6 बजे लौटते समय उन्होंने रूपापुर ओवरब्रिज पर गाड़ी रोकी। कुछ युवक लघुशंका के लिए उतरे, जबकि अन्य दोस्त स्कार्पियो के बोनट के आगे खड़े होकर फोटो, वीडियो और सेल्फी लेने लगे। इसी दौरान प्रयागराज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने स्कार्पियो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी और आगे खड़े युवकों को कुचल दिया।
हादसे में इनकी हुई मौत और ये हुए घायल
इस दिल दहला देने वाले एक्सीडेंट में प्रदीप सिंह, विद्ववांशु यादव, आनंद यादव उर्फ शेरू, आलोक मिश्रा और किशन यादव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, स्कार्पियो में सवार तीन अन्य दोस्त—राजकुमार यादव, निखिल उर्फ गोलू यादव और बिहार के मुंगेर निवासी सावन यादव गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
लापरवाही का मुकदमा दर्ज
घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया था। मृतक विद्ववांशु के भाई सुधांशु कुमार यादव की तहरीर पर मिर्जामुराद थाने में ट्रक ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही, तेज गति से वाहन चलाने और गैर-इरादतन हत्या की धाराओं में केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को जेल भेज दिया है।

