Mumbai Drug Case: पोईसर में मिली थी 55 लाख की MD ड्रग्स, लोकेशन ट्रेस कर तमिलनाडु से पकड़े गए माला और ‘लोटा’

अपराध मुंबई

रिपोर्टर: दिनेश शर्मा
मुंबई पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ अपनी जीरो-टॉलरेंस नीति के तहत एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है। समता नगर पुलिस ने 55 लाख रुपये की एमडी (MD) ड्रग्स मामले में फरार चल रहे कथित ड्रग्स सप्लायर ‘बंटी और बबली’ को तमिलनाडु से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान महिला माला राय और उसके प्रेमी अविनाश झा उर्फ ‘लोटा’ के रूप में हुई है, जो पुलिस कार्रवाई के बाद से मुंबई छोड़कर दक्षिण भारत में छिपे हुए थे।

पोईसर में छापे के बाद फरार हुए थे आरोपी
सीनियर पीआई जयवंत शिंदे के मुताबिक, समता नगर पुलिस ने कुछ दिनों पहले माला राय के पोईसर (कांदिवली) स्थित घर पर छापेमारी की थी। इस दौरान पुलिस ने करीब 220 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की थी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 55 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिसिया कार्रवाई की भनक लगते ही माला राय अपने ड्रग्स सप्लायर साथी अविनाश झा उर्फ लोटा के साथ फरार हो गई थी।

तकनीकी जांच से तमिलनाडु में मिला सुराग
आरोपियों की धरपकड़ के लिए डीसीपी गजानन राजमाने के मार्गदर्शन में समता नगर पुलिस स्टेशन के पीआई योगेश राउत (PSI) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने जब तकनीकी सर्विलांस और लोकेशन ट्रेसिंग की मदद ली, तो दोनों आरोपियों की लोकेशन दक्षिण भारत में दिखाई दी। तमिलनाडु में पुख्ता लोकेशन मिलने के बाद, मुंबई पुलिस की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से जाल बिछाकर दोनों को धर दबोचा। अदालत ने दोनों आरोपियों को पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

सप्लाई चेन और बड़े नेटवर्क की जांच जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी गजानन राजमाने ने बताया कि पुलिस अब आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है। पुलिस का मुख्य फोकस इस बात पर है कि इतनी बड़ी मात्रा में एमडी ड्रग्स कहां से लाई गई थी और मुंबई में इसकी सप्लाई किन-किन लोगों को की जानी थी। पुलिस को उम्मीद है कि इस ‘बंटी-बबली’ जोड़ी से पूछताछ के बाद मुंबई के ड्रग्स सिंडिकेट और सप्लाई चेन से जुड़े कई और बड़े चेहरों का पर्दाफाश हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *