वाराणसी: वृद्धा का सिम बदलकर बैंक खाते से उड़ाए 3.08 लाख रुपये, दो आरोपी गिरफ्तार

अपराध उत्तर प्रदेश दिनेश शर्मा पत्रकार वाराणसी

रिपोर्टर- दिनेश शर्मा
वाराणसी। जिले के हरहुआ बाजार में एक वृद्धा का मोबाइल सिम चोरी कर बैंक खाते से 3.08 लाख रुपये निकालने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो लोगों ने चोरी किए गए सिम कार्ड का इस्तेमाल कर यूपीआई के माध्यम से खाते से रकम निकाल ली। मामले में बड़ागांव पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरहुआ निवासी शिवशंकर दुबे ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने पुलिस को बताया कि 2 अक्टूबर को शाम करीब पांच बजे वाजिदपुर निवासी अरविंद यादव उनके घर आया था। उसने उनकी मां से बात करने के लिए मोबाइल फोन मांगा और मोबाइल में लगा एयरटेल का सिम निकाल लिया। इसके बाद उसने अपने पास से जियो का सिम मोबाइल में लगा दिया और यह कहते हुए चला गया कि मोबाइल खराब होने के कारण बात नहीं हो पा रही है।

बताया गया कि चोरी किया गया सिम कार्ड शिवशंकर दुबे के पिता के बैंक खाते से जुड़ा हुआ था। आरोप है कि अरविंद यादव ने सिम गांव के ही उदय शंकर को दे दिया। इसके बाद दोनों ने कथित तौर पर यूपीआई के माध्यम से खाते से 3.08 लाख रुपये निकाल लिए। जानकारी के अनुसार, रकम 8 अक्टूबर को निकाली गई थी।

बैंक खाते की जांच करने पर परिजनों को रुपये निकाले जाने की जानकारी हुई। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई। बड़ागांव पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को वाजिदपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों को मंगलवार को जेल भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *