UP Board Exam 2027: वाराणसी में यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्रों की प्रारंभिक सूची जारी, 28 अक्टूबर तक दर्ज कराएं आपत्ति

उत्तर प्रदेश दिनेश शर्मा पत्रकार

रिपोर्टर- दिनेश शर्मा
वाराणसी: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) की वर्ष 2027 में होने वाली हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में धर्मनगरी वाराणसी में यूपी बोर्ड परीक्षा-2027 के लिए चयनित परीक्षा केंद्रों की प्रारंभिक सूची (Provisional Center List) आधिकारिक तौर पर जारी कर दी गई है।

वाराणसी के जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) भोलेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, विभाग की ओर से परीक्षा केंद्रों का निर्धारण कर सूची पोर्टल पर अपलोड कर दी गई है। इस प्रारंभिक सूची को लेकर यदि किसी विद्यालय प्रशासन, अभिभावक या छात्र को कोई आपत्ति या शिकायत है, तो वे 28 अक्टूबर 2026 तक अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।

DIOS भोलेंद्र प्रताप सिंह ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों को लेकर सभी आपत्तियां पूरी तरह से ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार की जाएंगी। इसके लिए हितधारकों को माध्यमिक शिक्षा परिषद की आधिकारिक वेबसाइट (upmsp.edu.in) पर जाकर अपनी शिकायतें दर्ज करानी होंगी। 28 अक्टूबर की तय समय सीमा समाप्त होने के बाद प्राप्त होने वाली किसी भी आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा।

प्रारंभिक सूची जारी होने के बाद शिक्षा विभाग का पूरा ध्यान परीक्षा केंद्रों से जुड़ी शिकायतों को दूर करने पर है। विभाग के मुताबिक, निर्धारित तिथि तक मिलने वाली सभी जायज आपत्तियों की गंभीरता से जांच की जाएगी। इसके बाद मानकों को पूरा न करने वाले केंद्रों में आवश्यक बदलाव करते हुए अंतिम (फाइनल) परीक्षा केंद्र सूची जारी की जाएगी, जहां छात्र परीक्षा देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *