वाराणसी में 48 घंटे बाद बारिश का अलर्ट:जलस्तर घटा लेकिन घाटों का सम्पर्क अभी भी टूटा है, AQI येलो जोन में पहुंचा

उत्तर प्रदेश वाराणसी

वाराणसी में मंगलवार सुबह तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेज धूप के बीच हवा की रफ्तार 2 किमी प्रति घंटे और आर्द्रता 78% रही। शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 125 पर पहुंच गया है, जो येलो जोन में आता है। मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, 15 और 16 अक्टूबर को बारिश होने की संभावना है।

दूसरी ओर, गंगा घाटों पर जमा सिल्ट से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। अस्सी घाट के पास रीवा, तुलसी, जैन, निरंजनी, चेतसिंह और शिवाला घाट की सीढ़ियों पर गाद जमा है। इससे पर्यटकों और श्रद्धालुओं को आवाजाही में दिक्कत हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई लोग सिल्ट में धंस रहे हैं।

पश्चिमी विक्षोभ से बदल सकता है मौसम
मौसम वैज्ञानिक मनोज श्रीवास्तव के अनुसार, 15 और 16 अक्टूबर को नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके असर से वाराणसी में बारिश हो सकती है। बारिश होने पर तापमान में गिरावट आने के भी आसार हैं।

घाटों की सीढ़ियों पर जमा सिल्ट बनी परेशानी
गंगा के कई घाटों पर सीढ़ियों में सिल्ट जमा होने से लोगों को संभलकर चलना पड़ रहा है। गंगा किनारे घूमने आने वाले पर्यटकों के साथ पूजा-पाठ और स्नान के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी हो रही है।

सिल्ट में धंस रहे लोग, स्नान करने से बच रहे श्रद्धालु
स्थानीय निवासी बलराम मिश्रा ने बताया कि घाटों पर जमी सिल्ट के कारण पर्यटकों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई लोग इसमें धंस जाते हैं, जिससे सीढ़ियों पर चलना मुश्किल हो जाता है। घाटों की इस स्थिति को देखते हुए कुछ श्रद्धालु गंगा स्नान से भी दूरी बना रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *