विशेष रिपोर्ट- दिनेश शर्मा
वाराणसी के सर्किट हाउस से भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा का कांग्रेस पर करारा तंज- “कर्म आपके खराब हैं और दोष चुनाव आयोग को देते हैं।”
वाराणसी। राजनीति में जब हार का शतक बनाने की होड़ लगी हो, तो बहानों का भी नया और चमकदार होना लाज़मी है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद संबित पात्रा ने वाराणसी के सर्किट हाउस में मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस को आईना नहीं, बल्कि सीधे ’56 टिकुलियों’ का एक पूरा सेट ही थमा दिया। पात्रा जी ने साफ़ कर दिया कि राहुल गांधी और उनकी पलटन माथे पर जो ‘हार का श्रृंगार’ लेकर घूम रही है, वह किसी चुनाव आयोग की कृपा नहीं, बल्कि उनके अपने ‘महान कर्मों और कुकर्मों’ का फल है।
56 चुनाव हारने का अनोखा गणित
भाजपा प्रवक्ता ने मीडिया के सामने गणित का वह पाठ पढ़ाया जिसे सुनकर कांग्रेस के थिंक-टैंक को चक्कर आ जाएं। उन्होंने कहा कि साल 2014 से लेकर 19 फरवरी 2025 तक कांग्रेस पूरे 56 चुनाव हार चुकी है। यूपी-बिहार की लोकभाषा में कहें तो इसे ’56 टिकुली’ कहते हैं।
अब इस 56 टिकुली को माथे पर सजाकर घूमने वाले नेता जब अपनी हार का ठीकरा ‘एसआइआर’ (स्पेशल समरी रिवीजन) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर फोड़ते हैं, तो हंसी आना स्वाभाविक है। पात्रा ने याद दिलाया कि देश के कई राज्यों में कांग्रेस पिछले 10 से 40 साल से ‘वनवास’ पर है, शायद तब भी देश में कोई ‘ज्ञानेश कुमार’ ही चुनाव करवा रहे थे!

’13 करोड़ गायब वोटर’ के गुब्बारे में चुभाई पिन
संबित पात्रा ने कांग्रेस के “13 करोड़ वोटर गायब हो गए” वाले दावों की हवा निकालते हुए समझाया कि नाम हवा में गायब नहीं हुए हैं, बल्कि वोटर लिस्ट से नाम कटने के चार वैज्ञानिक तरीके (नियम) होते हैं:
- अब्सेंट बाबू: करीब 3 करोड़ लोग ऐसे थे जो अनुपस्थित थे।
- इधर-चला-मैं-उधर-चला: 12 करोड़ लोग अपना एड्रेस बदल (शिफ्ट) चुके थे, जिनमें से 6 करोड़ लोग बाद में मिल भी गए।
- स्वर्गवासी वोटर: 2.8 करोड़ लोग दुनिया छोड़ चुके थे। (कांग्रेस शायद चाहती थी कि मृत लोग भी आकर अपना लोकतांत्रिक फर्ज निभाएं!)
- जुड़वां नाम (डुप्लीकेट): 1 करोड़ नाम ऐसे थे जो एक से अधिक जगह दर्ज थे, जिन्हें हटाना जरूरी था।
‘क्या हम भूतों और घुसपैठियों को फर्जी वोट डालने दें?’
पात्रा जी ने पश्चिम बंगाल का विशेष जिक्र करते हुए पूछा कि क्या हम मृतकों और घुसपैठियों से ‘फर्जी वोटिंग’ का भूतिया खेल होने दें? उन्होंने आंकड़ों से सिद्ध किया कि बंगाल में जिन 20 विधानसभा क्षेत्रों में सबसे ज्यादा वोट काटे गए, उनमें से ज्यादातर सीटें तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने ही जीती हैं।
उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि जब एसआइआर की प्रक्रिया होती है, तो सरकारी बीएलओ के साथ सभी पार्टियों के ‘बीएलए’ (बूथ लेवल एजेंट) भी वहां मौजूद होते हैं। अब अगर सपा और कांग्रेस के बीएलए वहां बैठकर ‘निठल्लों’ की तरह मक्खियां मार रहे थे, तो क्या उनका काम भी भाजपा के कार्यकर्ता करेंगे? खुद का काम करेंगे नहीं, और जब रिजल्ट आएगा तो ‘चोर-चोर’ चिल्लाकर गला सुखा लेंगे!
इतिहास का पन्ना पलटकर याद दिलाया ‘संपत राज’
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की वजह से भाजपा के चुनाव जीतने के आरोपों का जवाब देते हुए पात्रा ने कांग्रेस को पूर्व मुख्य निर्वाचन आयुक्त वी.एस. संपत (2012-2015) की याद दिला दी। उन्होंने पूछा कि 2014 के आम चुनाव में जब भाजपा जीती, तब तो संपत साहब मुख्य चुनाव आयुक्त थे, जिन्हें कांग्रेस सरकार ने नियुक्त और उपकृत किया था। तो क्या कांग्रेस ने उनकी नियुक्ति भाजपा को जिताने के लिए की थी? उन्होंने साफ किया कि तीनों चुनाव आयुक्तों ने कोर्ट में हलफनामा देकर कहा है कि सभी फैसले सर्वसम्मति से हुए हैं।
खबर का निचोड़: संबित पात्रा के मुताबिक, यह पूरा ड्रामा देश में भ्रम और झूठ फैलाकर ‘रिजीम चेंज’ (सत्ता पलटने) का एक अंतरराष्ट्रीय खेल है, जहां विपक्ष घुसपैठियों के भरोसे चुनाव लड़ना चाहता है। लेकिन भाजपा लोकतंत्र में किसी भी कीमत पर घुसपैठियों का वोट नहीं पड़ने देगी।

