नालासोपारा अग्निकांड: 14वीं मंजिल पर आधी रात को लगी भीषण आग, दम घुटने से 2 महिलाओं की मौत, क्रेन से बचाए गए कई लोग

दिनेश शर्मा पत्रकार देश मुंबई

नालासोपारा (पालघर):
महाराष्ट्र के नालासोपारा-वसई लिंक रोड स्थित इम्पीरियल हाइट्स नामक बहुमजिला इमारत में मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात (करीब 11:30 बजे) भीषण आग लग गई. 14 मंजिला इस इमारत की ऊपरी मंजिलों पर भड़की आग की वजह से पूरी सोसाइटी में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया. इस दर्दनाक हादसे में धुएं के कारण दम घुटने से दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोगों की तबीयत बिगड़ने के कारण उन्हें नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

मृतक महिलाओं की पहचान फाल्गुनी शाह (50 वर्ष) और अश्विनी पारकर (50 वर्ष) के रूप में हुई है. अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, दोनों महिलाओं के शरीर पर जलने के गंभीर निशान नहीं थे, बल्कि फेफड़ों में अत्यधिक धुआं भरने के कारण उनकी मौत होने की प्रारंभिक आशंका जताई गई है.

क्रेन की मदद से बाहर लटके लोगों का रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलते ही वसई-विरार नगर निगम (VVMC) के अग्निशमन दल, स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और युद्ध स्तर पर बचाव कार्य शुरू किया. आग इतनी भीषण थी कि सीढ़ियों के रास्ते में घना धुआं और अत्यधिक गर्मी होने के कारण लोगों का नीचे उतरना मुश्किल हो गया था. आग से बचने के लिए चार लोग इमारत के बाहरी हिस्से में बनी एक बेहद संकरी जगह पर आकर फंस गए और करीब 40 से 45 मिनट तक मदद का इंतजार करते रहे. अग्निशमन कर्मियों ने विशेष टर्नटेबल लैडर (टीटीएल) मशीन और बड़ी क्रेन की मदद से इन चारों नागरिकों सहित कुल 25 से 30 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला.

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच शुरू
अग्निशमन विभाग के अनुसार, आग मुख्य रूप से 13वीं और 14वीं मंजिल पर बेहद गंभीर थी, जबकि इमारत के रिफ्यूज फ्लोर का दरवाजा भी आग की चपेट में आ गया था. दमकल की कई गाड़ियों, पानी के टैंकरों और वॉटर टावर की मदद से करीब 5 से 6 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका.

शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. हालांकि, वसई-विरार नगर निगम के आयुक्त पृथ्वीराज बी. पी. ने कहा कि हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए गहन जांच की जा रही है. साथ ही, स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि इमारत में फायर सेफ्टी सिस्टम पूरी तरह कार्यान्वित नहीं था, जिसकी भी प्रशासनिक स्तर पर जांच की जाएगी. प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *