देवरिया/गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ शनिवार रात एक सफेद रंग की कार से आए अज्ञात बदमाशों ने एक 27 वर्षीय महिला का शव झाड़ियों में फेंका और फरार हो गए। रविवार को सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर शव की तस्वीर वायरल होने के बाद मृतका की पहचान गोरखपुर की एक निजी स्कूल शिक्षिका के रूप में हुई है।
दिनदहाड़े गायब हुई शिक्षिका, वेतन मिलने की कही थी बात
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोरखपुर जिले के झंगहा थाना क्षेत्र के खुरहुरी लोहार टोला के रहने वाले सुभाष चंद्र विश्वकर्मा की 27 वर्षीय बेटी रानी विश्वकर्मा नई बाजार ब्रह्मपुर स्थित वीएन सेंट्रल एकेडमी में शिक्षिका थीं। शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे वह हमेशा की तरह स्कूल गई थीं। उन्होंने परिजनों को बताया था कि आज उन्हें वेतन (सैलरी) मिलने वाली है।

जब रात 7 बजे तक रानी घर नहीं लौटीं, तो परिजनों ने उनके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन स्विच ऑफ आ रहा था। परेशान घरवालों ने जब स्कूल प्रशासन से बात की, तो पता चला कि रानी दोपहर 3 बजे ही स्कूल से निकल चुकी थीं।
कन्हौली गांव के पास झाड़ियों में फेंका शव, ग्रामीणों ने दौड़ाया
शनिवार शाम करीब सात बजे देवरिया के कन्हौली गांव के बाहर एक सफेद रंग की कार आकर रुकी। कार सवारों ने डिग्गी खोलकर युवती का शव झाड़ियों में फेंक दिया। यह देख स्थानीय ग्रामीणों ने शोर मचाया और करीब दो किलोमीटर तक कार का पीछा भी किया, लेकिन ड्राइवर तेज रफ्तार में कार भगा ले जाने में कामयाब रहा।
खुली डिग्गी के साथ पुलिस चौकी के सामने से गुजरी कार!
हैरान करने वाली बात यह है कि घटनास्थल से करीब 6 किलोमीटर दूर रामलक्षन पुलिस चौकी के सामने से भी यह संदिग्ध कार गुजरी थी। वहाँ मौजूद पुलिसकर्मियों ने कार की खुली हुई डिग्गी देखी भी थी, लेकिन वे उसे रोकने में नाकाम रहे, जिससे पुलिस की मुस्तैदी पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
WhatsApp पर तस्वीर देखकर फफक पड़े परिजन
रविवार शाम करीब 6 बजे व्हाट्सएप ग्रुप्स और सोशल मीडिया पर एक अज्ञात युवती के शव की तस्वीरें वायरल हुईं। गांव के लोगों ने हुलिया देखकर रानी को पहचाना और उनके परिवार को सूचित किया। इसके बाद बदहवास परिजन रामलक्षन पुलिस चौकी पहुंचे, जहां शाम करीब 7 बजे उन्होंने शव की शिनाख्त रानी के रूप में की। बेटी का शव देखते ही मां गीता रो-रोकर बेहोश हो गईं और पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस जांच में जुटी, दर्ज हो रहा मुकदमा
इस मामले पर रुद्रपुर के सीओ राजेश चतुर्वेदी ने बताया कि परिजनों की तहरीर (शिकायत) के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस कार सवार आरोपियों की तलाश और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

