आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। करीब 19 साल पुराने ग्राम पंचायत चुनाव की रंजिश में हुए दोहरे हत्याकांड में अदालत ने सोमवार को अपना बड़ा फैसला सुनाया है। अपर सत्र न्यायाधीश (कोर्ट नंबर एक) कमलापति की अदालत ने पल्हनी के ब्लॉक प्रमुख विपिन सिंह समेत आठ आरोपियों को हत्या का दोषी करार दिया है।इसी मामले से जुड़े एक क्रॉस केस (cross case) में अदालत ने दूसरे पक्ष के छह आरोपियों को भी कातिलाना हमले और मारपीट का दोषी पाया है। कोर्ट अब दोनों ही मामलों में दोषियों को 29 अक्टूबर को सजा सुनाएगी।
क्या था पूरा मामला?
मामला रानी की सराय थाना क्षेत्र के रुदरी गांव का है। अभियोजन पक्ष के अनुसार, 21 अक्टूबर 2007 को दशहरे के दिन सुबह करीब 9 बजे रामजन्म सिंह अपने दरवाजे पर बैठे थे। इसी दौरान तत्कालीन ग्राम प्रधान विपिन सिंह अपने सहयोगियों (राजेश सिंह, चुन्नू उर्फ रणविजय, बलवंत सिंह, राधेश्याम सिंह, छोटू उर्फ पंकज, लोकनाथ सिंह, जीवन प्रकाश और शिवदास सिंह) के साथ हथियारों से लैस होकर वहां पहुंचे।
आरोप के मुताबिक, चुनावी रंजिश को लेकर वहां हमला कर दिया गया, जिसमें गोली लगने से दो सगे भाइयों—तालुकदार सिंह और पारसनाथ सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो अन्य लोग लाठी-डंडों के हमले में घायल हुए थे। सुनवाई के दौरान एक आरोपी राधेश्याम सिंह की मौत हो चुकी है।

क्रॉस केस में क्या हुआ?
इस घटना के बाद ब्लॉक प्रमुख विपिन सिंह की तरफ से भी एक क्रॉस एफआईआर दर्ज कराई गई थी। उनका आरोप था कि दूसरे पक्ष ने उन पर और उनके समर्थकों पर हमला किया, जिसमें विपिन सिंह के पैर में गोली लगी थी। अदालत ने इस मामले में भी सुनवाई करते हुए 6 आरोपियों को जानलेवा हमले और मारपीट का दोषी करार दिया है।
फैसले पर क्या बोले ब्लॉक प्रमुख?
अदालत द्वारा दोषी करार दिए जाने के बाद जब पुलिस ब्लॉक प्रमुख विपिन सिंह को अभिरक्षा में गाड़ी की तरफ ले जा रही थी, तब उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, “मैं न्यायालय के फैसले का सम्मान करता हूं।” फिलहाल सभी दोषियों को हिरासत में ले लिया गया है और सबकी नजरें अब 29 अक्टूबर को होने वाले सजा के ऐलान पर टिकी हैं।

