“शराब पी रहा हूं, पीकर आऊंगा”: वाराणसी में यात्री से बोला रैपिडो ड्राइवर, शिकायत के बाद अकाउंट सस्पेंड

उत्तर प्रदेश दिनेश शर्मा पत्रकार वाराणसी

वाराणसी। ऑनलाइन बाइक टैक्सी सेवा रैपिडो से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। राइड बुक करने वाले यात्री को चालक ने फोन पर कथित तौर पर बताया कि वह उस समय शराब पी रहा है और शराब पीने के बाद ही राइड के लिए आएगा। चालक की बात सुनकर यात्री ने अपनी सुरक्षा को देखते हुए बुकिंग रद्द कर दी और पूरे मामले की शिकायत कंपनी से की।

जानकारी के मुताबिक, 5 अक्टूबर 2026 को यात्री आशुतोष त्रिपाठी ने रैपिडो के माध्यम से बाइक टैक्सी बुक की थी। बुकिंग के बाद चालक ओम प्रकाश ने यात्री से फोन पर संपर्क किया। बातचीत के दौरान यात्री ने चालक से उसकी लोकेशन के बारे में पूछा। आरोप है कि इसके जवाब में चालक ने कहा कि वह “अभी दारू पी रहा हूं, पीकर आता हूं।”

चालक की बात सुनकर यात्री ने राइड की कैंसिल

चालक के इस जवाब के बाद यात्री को अपनी सुरक्षा की चिंता हुई। उन्होंने चालक के साथ यात्रा करने के बजाय राइड कैंसिल कर दी। यात्री का कहना है कि यदि चालक शराब का सेवन करने के बाद बाइक चलाकर आता तो दुर्घटना की आशंका बनी रह सकती थी।

इसके बाद यात्री ने मामले की जानकारी रैपिडो कंपनी को देते हुए संबंधित चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। यात्री ने यह भी बताया कि चालक के साथ हुई फोन पर बातचीत का ऑडियो रिकॉर्डिंग उनके पास सुरक्षित है और जरूरत पड़ने पर जांच के लिए उपलब्ध कराई जा सकती है।

शिकायत के बाद रैपिडो ने की कार्रवाई

शिकायत मिलने के बाद रैपिडो की ओर से यात्री को जवाब दिया गया और घटना पर खेद जताया गया। कंपनी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित चालक का अकाउंट निलंबित कर दिया। कंपनी ने यात्री की सुरक्षा और भरोसे को प्राथमिकता देने की बात कही।

यात्रियों की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

इस घटना ने ऐप आधारित बाइक टैक्सी सेवाओं में यात्रियों की सुरक्षा और चालकों की जिम्मेदारी को लेकर सवाल खड़े किए हैं। यात्रियों का कहना है कि ऑनलाइन परिवहन सेवा लेते समय चालक का सुरक्षित स्थिति में होना बेहद जरूरी है। शराब का सेवन कर वाहन चलाना चालक के साथ-साथ यात्री और सड़क पर मौजूद अन्य लोगों के लिए भी जोखिम पैदा कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *